CHHAPRA DESK- सारण जिला के दिघवारा प्रखंड अंतर्गत माही नदी के टूटे बाद को जब तक जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है तब तक दरियापुर के समीप बांध टूट गया. जिसके कारण काफी तेजी से पानी गांव में प्रवेश करने लगा. यह देखकर गांव में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया. बता दें कि दरियापुर प्रखंड के मोहन कोठिया-सेमरहिया गांव के समीप सुखमोही नदी का बांध दबाव के कारण टूट गया. बांध टूटने के कारण आसपास के क्षेत्रों में पानी फैलने से लोगों की चिंता बढ़ गई है. बताया जाता है कि बांध टूटने से लगभग 50 गांवों के लोग प्रभावित हो सकते हैं, जिसके मद्देनजर प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया है. बताते चलें कि बीते दिन दिघवारा प्रखंड क्षेत्र में माही नदी का बांध टूट गया था. जिसका रिपेयर कार्य चल ही रहा है. आज बाढ़ के निरीक्षण को लेकर बिहार के उप मुख्यमंत्री सह सारण जिले के प्रभारी मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव पहुंचे. उन्होंने टूटे हुए बांध का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द बांध की मरम्मत कराने का निर्देश दिया. उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बांध टूटने से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा बचाव कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए. वहीं सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार, भाजपा नेता सह सांसद प्रतिनिधि राकेश सिंह, अपर समाहर्ता मुकेश कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता सोनपुर, दरियापुर के अंचलाधिकारी जयंत राज, सोनपुर के पुलिस निरीक्षक, मुख्यालय उपाधीक्षक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी डॉ सत्येंद्र सिंह, थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार, जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता प्रभाकर कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे. वहीं सभी प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारी प्रभावित क्षेत्र में राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं.