CHHAPRA DESK - दिल्ली के जंतर मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बर्बरता पूर्ण लाठी चार्ज किए जाने का विरोध बढ़ता ही जा रहा है. यह विरोध अब गांव-गांव तक पहुंच गया है. आज सारण जिला अंतर्गत मढ़ौरा प्रखंड में भाकपा अंचल परिषद की ओर से बहुआरापट्टी गांव में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया. साथ ही जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्र-नौजवानों के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया गया. उस दौरान कार्यकर्ताओं ने संसद मार्च के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की.
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा के जिला सचिव रामबाबू सिंह ने कहा कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से धरना दे रहे छात्र-नौजवानों के संसद मार्च पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज कराया जाना लोकतांत्रिक अधिकारों और भारतीय संविधान की भावना के विरुद्ध है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को इस घटना की जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल मंत्री पद से हटाना चाहिए. साथ ही उन्होंने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं की भी निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की. कार्यक्रम में प्रो रजाक हुसैन, रिजवान, चिराग, प्रेम, सुंदर मांझी, हरिराम, बीरेंद्र सिंह, बद्री राउत, छोटू मांझी, कामेंद्र प्रसाद, मंसूर आलम, लवली परवीन, डॉ नुसरत अली सहित अन्य भाकपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.


