CHHAPRA DESK - पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को जन-जन तक पहुंचाने का पहला चरण है लोगों को जागरूक करते हुए आवेदन करवाना, इसके बाद चयनित वेंडर के जरिए सोलर रूफ टॉप संस्थापन तथा सबसे अहम चरण है बैंकिंग प्रतिनिधियों का सहयोग. जिससे कि लोन के इच्छुक आवेदक को सहजता से लोन सुलभ हो सके तथा उपभोक्ता को सरकार द्वारा जारी सब्सिडी का भी लाभ मिल सके. इस संबंध में जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव द्वारा आज 21 जुलाई को बैंकिंग प्रतिनिधियों के साथ बैठक आहूत की गई. जिसमें जिला पदाधिकारी ने सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना को जन-जन तक पहुंचाने में किसी भी स्तर पर गतिरोध के विरुद्ध सख्त निर्देश देते हुए कहा कि लोकोपकारी, पर्यावरण- हितैषी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को तय समय के भीतर अधिक जनोपयोगी बनाने के लिए सभी स्तर पर सकारात्मक रुख की जरूरत है.क्योंकि, लोकहित के साथ-साथ पर्यावरण अनुकूल तथा सरकार के लिए भी बिजली उत्पादन हेतु अन्य प्रयासों पर निर्भरता कम होने विषयक इस योजना को अधिकाधिक जनोपयोगी बनाना आज की जरूरत है.

इसके लिए सरकार ने जब बिना किसी कॉलेटरल या सिबिल के किफायती ऋण तथा सब्सिडी की व्यवस्था की है तो जनता को इसका भरपूर लाभ उठाने से किसी भी स्तर पर वंचित किए जाने को सरकार गंभीरता से लेगी. इस संबंध में कोताही बरतने वाले बैंकों के विरुद्ध कडी कार्रवाई की जाएगी. बैठक के प्रारंभ में ही जिला पदाधिकारी ने सभी बैंकों के डीसीओ तथा वी सी से जुड़े आर एम को स्पष्ट शब्दों में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की सारण जिले में बिल्कुल प्रगति न देखकर असंतोष जाहिर किया और आज की महत्वपूर्ण बैठक में किन्ही बैंकिंग प्रतिनिधि के न जुड़ने पर नाराजगी भी जाहिर की. बैठक के दौरान उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक के प्रतिनिधि ने कहा कि सारण जिले में उनकी 80 शाखाएं हैं और हम इस योजना से अपने को जोड़ना चाहते हैं, हमारे यहां आवेदन भेजे जाएं. हम इस योजना को आगे बढ़ाने में अपना पूरा सहयोग देंगे. जिला पदाधिकारी ने इसकी सराहना करते हुए इसी स्पिरिट से सभी को इस महत्वाकांक्षी योजना में योगदान करने हेतु कहा. जिला पदाधिकारी ने मूलतः सभी बैंकिंग प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान उनके द्वारा रिजेक्शन के पीछे ठोस वजह को समझा और यथासंभव तत्काल उसका समाधान करते हुए योजना को आगे बढ़ाने हेतु कहा अन्यथा प्रतिकूल कार्रवाई हेतु जिला पदाधिकारी ने आगाह भी किया. उक्त बैठक में सारण जिला के सभी बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक, अग्रणी जिला प्रबंधक-सारण, सभी बैंकों के जिला समन्वयक तथा विद्युत आपूर्ति पूर्वी एवं पश्चिमी प्रमंडल, छपरा के कार्यपालक अभियंता भी उपस्थित थे.