CHHAPRA DESK - जिले में 25 जुलाई को हुए छात्र आंदोलन और उसके बाद शहर में हुई हिंसक घटनाओं के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों के साथ-साथ छपरा जंक्शन की सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई है. जंक्शन परिसर में आरपीएफ, जीआरपी एवं जिला पुलिस की संयुक्त टीम लगातार गश्त कर रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को समय रहते रोका जा सके. इधर, छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए युवकों को लेकर उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई है. कई परिजन अपने स्वजनों की जानकारी के लिए लगातार पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है. आज सदर एसडीएम नितेश कुमार, व एएसपी राम पुकार सिंह ने छपरा जंक्शन का संयुक्त निरीक्षण किया. वही आरपीएफ प्रभारी विनोद कुमार यादव तथा जीआरपी थानाध्यक्ष गुंजन कुमार क़ो दिशा निर्देश दिये. अधिकारियों ने प्लेटफॉर्म संख्या एक, सर्कुलेटिंग एरिया, मुख्य प्रवेश द्वार तथा अन्य संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया. इस दौरान यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और पुलिस बल की तैनाती की समीक्षा की गई।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात जवानों को पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।ए एस पी ने बताया कि शहर और रेलवे स्टेशन पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और किसी भी तरह की अफवाह या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
प्रोटेस्ट के दौरान उपद्रव को ले शहर व जंक्शन की भी बढ़ाई गई सुरक्षा ; चौक-चौराहों पर मजिस्ट्रेट बहाल


