CHHAPRA DESK- सारण जिला के मांझी अटल घाट व परिसर का सौंदर्यीकरण कर आधारभूत सुविधाओं के विकास व आध्यात्मिक स्थल के रूप में विकसित करने को लेकर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने आज मांझी स्थित अटल घाट का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाट एवं उसके आसपास के परिसर के सौंदर्यीकरण, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा इस स्थल को स्वच्छ, आकर्षक एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. जिला पदाधिकारी ने अटल घाट की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए इसके समग्र विकास के लिए सुनियोजित कार्ययोजना तैयार करने तथा आवश्यकतानुसार विकास कार्य कराने पर बल दिया.

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अटल घाट के चारों ओर पेवर ब्लॉक से वॉकिंग ट्रैक बनाने का निर्देश दिया, ताकि स्थानीय नागरिकों एवं आगंतुकों को सुबह-शाम टहलने तथा समय बिताने के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके. इसके साथ ही घाट एवं वॉकिंग ट्रैक के आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने का निर्देश दिया गया, जिससे परिसर में आवागमन सुविधाजनक हो तथा लोगों को सुरक्षित वातावरण मिल सके. वहीं घाट की सीढ़ियों को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के साथ आवश्यकतानुसार उनकी मरम्मत तथा सुदृढ़ीकरण के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया, ताकि घाट का उपयोग अधिक सुविधाजनक एवं सुरक्षित हो सके. वहीं, जिला पदाधिकारी ने अटल घाट एवं उसके सामने स्थित परिसर को आध्यात्मिक एवं आस्था के केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य करने का निर्देश दिया. इसके लिए परिसर की स्वच्छता, हरियाली, सुव्यवस्थित बैठने की व्यवस्था तथा समग्र सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया.