CHHAPRA DESK - सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने प्रेस मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे विशेष राशन कार्ड अभियान का अधिक से अधिक पत्र लाभुक लाभ उठाएं, इस अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र परिवार को राशन कार्ड उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी योग्य व्यक्ति खाद्य सुरक्षा योजना के लाभ से वंचित न रहे. जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि अभियान के तहत पात्र लाभुकों से आवेदन प्राप्त कर त्वरित जांच के बाद राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि जिनका अब तक राशन कार्ड नहीं बन पाया है और जो पात्रता की शर्तें पूरी करते हैं, वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर इस विशेष अभियान का लाभ अवश्य उठाएं. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान को पूरी पारदर्शिता, गंभीरता एवं समयबद्ध तरीके से संचालित किया जाए तथा प्रत्येक पात्र परिवार तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाए. जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ हर जरूरतमंद परिवार तक पहुंचे और इसके लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है. समाहरणालय के सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिलाधिकारी ने केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना है, इसे केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पहल बताते हुए यह भी कहा कि इसका उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र परिवारों के घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कर उन्हें स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि इस योजना से बिजली बिल में कमी आएगी, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा उपभोक्ताओं को दीर्घकालिक आर्थिक लाभ प्राप्त होगा. जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापक जनजागरूकता अभियान चला रहा है. उन्होंने पात्र उपभोक्ताओं से अपील की कि वे योजना की जानकारी प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें और सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं का लाभ उठाएं. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के प्रचार-प्रसार में तेजी लाई जाए, आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाया जाए तथा पात्र लाभुकों को समयबद्ध तरीके से लाभ उपलब्ध कराया जाए. जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि "प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना केवल बिजली बचाने की योजना नहीं, बल्कि ऊर्जा आत्मनिर्भरता और हरित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी नीना झा भी उपस्थित थी.