SIWAN DESK - सिवान में पटाखा फैक्ट्री हादसे के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है. आज सारण जिला अंतर्गत मढ़ौरा थाना क्षेत्र के ओल्हनपुर गांव में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की. हालांकि, इस दौरान कोई अवैध पटाखा या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई.

छापेमारी अभियान में एसडीओ सैयद आदिल मोहसिन, डीएसपी सुविन्द्र कुमार दास, राजस्व अधिकारी सुनील कुमार और थानाध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद पुलिस बल के साथ शामिल रहे. अधिकारियों ने सिवान हादसे और ओल्हनपुर के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को ध्यान में रखते हुए संदिग्ध स्थानों की जांच की. गौरतलब है कि ओल्हनपुर गांव में पहले भी पटाखा विस्फोट की घटना हो चुकी है. उस मामले में बड़ी मात्रा में पटाखे और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई थी, जिन्हें 8 सितंबर को नष्ट किया गया था. इस मामले में मोहम्मद साहेबजान के पुत्र औरंगजेब तथा इरफान आरोपी हैं, जो फरार बताए जा रहे हैं.

प्रशासन की इस अचानक कार्रवाई से अवैध पटाखा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध रूप से पटाखे बनाने, भंडारण करने या बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.