CHHAPRA DESK - स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ एवं बेहतर बनाने की दिशा में आज सदर अस्पताल में स्पोक-हब योजना के तहत आधुनिक पैथोलॉजिकल जांच सेवा का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया. वहीं सदर अस्पताल परिसर में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने फीता काटकर जिले में इस सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया. इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि नई जांच व्यवस्था शुरू होने से मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण पैथोलॉजिकल जांच की सुविधा उपलब्ध होगी और इलाज की प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी. उन्होंने अस्पताल प्रशासन को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया. कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ राजकुमार चौधरी, उपाधीक्षक डॉ केएम दुबे, जिला स्वास्थ्य समिति के प्रतिनिधि बृजेश कुमार, वरीय लेखापाल बंटी रजक सहित अस्पताल के चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे. उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी ने सदर अस्पताल का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अस्पताल प्रबंधक राजेश्वर प्रसाद को आवश्यक निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि मरीजों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए तथा सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इसके अलावा अस्पताल परिसर में चल रहे सड़क निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई. जिलाधिकारी ने संबंधित एजेंसी को निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.


