CHHAPRA DESK- सारण जिला के मशरक नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई कार्य में लगे मजदूरों ने सोमवार को अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. मजदूर नगर पंचायत चेयरमैन सोहन महतो के आवास तख्त टोला पर पहुंचे और अपनी समस्याओं से अवगत कराया. मजदूरों ने बताया कि उन्हें समय पर वेतन नहीं मिलता और काम के दौरान सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध नहीं कराए जाते. छुट्टी नहीं मिलने तथा काम के दौरान जख्मी होने पर इलाज की सुविधा नहीं देने का भी आरोप लगाया. इलाज के दौरान काम पर नहीं आने पर वेतन काटे जाने की शिकायत भी मजदूरों ने की. विरोध के दौरान मजदूरों ने सड़क किनारे रखे कूड़ेदानों को गिराकर आक्रोश जताया. मंगरू बासफोड़, राकेश बासफोड़, कर्ण बासफोड़, वीरेंद्र कुमार, अभिराम बासफोड़, मुन्ना बासफोड़, साजन कुमार, काजल देवी, अरुण कुमार, रोहित कुमार और अजीत कुमार समेत अन्य मजदूरों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर वे अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे.