Chhapra Desk – छपरा-आरा पुल पर अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से दूसरे ट्रैक्टर का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसे छपरा सदर अस्पताल से बेहतर चिकित्सा के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है. गंभीर रूप से जख्मी ट्रैक्टर चालक आरा जिले के कोईलवर थाना अंतर्गत चनपुरा गांव निवासी फिकिर महतो का 35 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार महतो बताया गया है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि वह कोईलवर से बालू लोड कर छपरा में बेचने के बाद वापस छपरा-आरा पुल होकर घर लौट रहा था. इसी बीच पुल पर वह ट्रैक्टर खड़ी कर जैसे ही ट्रैक्टर से नीचे उतरा, उसी वक्त विपरीत दिशा से आ रही अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसको अपनी चपेट में ले लिया.

जिससे उस चालक का बांया पैर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. जिसके बाद आनन-फानन में उसे छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर चिकित्सा के लिए रेफर किया गया है. वहीं सूचना के बाद उसके घर वाले छपरा सदर अस्पताल पहुंचे और उसे पीएमसीएच ले गए.
बताते चलें कि छपरा-आरा पुल पर बालू लदे ट्रैक्टर चालको द्वारा अवैध रूप से बालू की ढुलाई के कारण आए दिन दुर्घटनाएं घटित हो रही है और किसी न किसी को अपनी जान गंवानी पड़ रही है. विगत 9 मार्च को भी जिले के डोरीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत छपरा-आरा पुल पर एक अज्ञात वाहन की ठोकर से ट्रैक्टर पलट गया. जिससे उसमें दबकर चालक की मौत हो गयी थी.

वही खलासी गंभीर रूप से घायल हुआ था. उस हादसज में भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के जमालपुर सेमरिया गांव निवासी 22 वर्षीय मंतोष कुमार की मौत हुई थी. वह भी कोईलवर से बालू लोड कर डोरीगंज की तरफ आ रहा था. तभी आरा-छपरा पुल पर किसी अज्ञात वाहन की ठोकर से ट्रैक्टर पलट गया, जिससे दबकर उसकी मौत हो गयी थी.

![]()
