CHHAPRA DESK - सारण साइक्लिंग संघ के तत्वावधान में आयोजित 18वीं राज्य स्तरीय साइकिलिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ आज इंडिविजुअल टाइम ट्रायल (ITT) स्पर्धा के साथ सफलतापूर्वक किया गया. प्रतियोगिता में बिहार राज्य के लगभग सभी जिलों से आए करीब 250 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. जूनियर, सब-जूनियर एवं सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, गति एवं कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. विभिन्न वर्गों में विजेता खिलाड़ियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त हुआ. आज की प्रतियोगिता मुख्य रूप से ITT (Individual Time Trial) पर आधारित रही, जिसमें प्रत्येक खिलाड़ी ने निर्धारित दूरी अकेले तय कर समय के आधार पर प्रतिस्पर्धा की. इस स्पर्धा में सारण जिले के दो खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया. प्रतियोगिता का शुभारंभ सारण सदर अनुमंडल पदाधिकारी नीतेश कुमार, मरौढ़ा अनुमंडल पदाधिकारी निधि राज, भेल्दी थाना अध्यक्ष, गड़खा थाना अध्यक्ष तथा जिले के अन्य प्रशासनिक पदाधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर किया. पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई। स्थानीय नागरिकों, खेल प्रेमियों एवं जनप्रतिनिधियों का सहयोग अत्यंत सराहनीय रहा. बड़ी संख्या में उपस्थित दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, जिससे प्रतियोगिता का वातावरण और भी प्रेरणादायक एवं उत्साहपूर्ण बन गया. सारण साइक्लिंग संघ सभी प्रतिभागियों, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, मीडिया प्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों तथा स्थानीय नागरिकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता है, जिनके सहयोग से प्रतियोगिता का प्रथम दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
18वीं राज्य स्तरीय साइकिलिंग प्रतियोगिता का भव्य आगाज़ ; 250 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा


