CHHAPRA DESK- सारण जिला के अमनौर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमनौर-सोनहो मुख्य पथ SH-73 पर खोरी पाकर खर्ग के समीप तेज रफ्तार अपाची बाइक की चपेट में आने से 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. मृत छात्र की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के खोरी पाकर खर्ग गांव निवासी रंजीत महतो के 15 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार महतो के रूप में हुई है. वह कक्षा 10 का छात्र था. वहीं इस दुर्घटना में घायल अपाची चालक मकेर थाना क्षेत्र निवासी अहमद अली का पुत्र फिरोज बताया गया है, जो मकेर से अमनौर में राजमिस्त्री का काम करने जा रहा था. मिली जानकारी के अनुसार रोहित साइकिल से घर से महज आधा किलोमीटर दूर पेट्रोल पंप के पास से सामान खरीदने गया था. सामान लेकर वह साइकिल से घर लौट रहा था और घर के कुछ ही दूरी पर पहुंचा था, तभी सोनहो की तरफ से तेज रफ्तार में अमनौर की ओर आ रही अपाची बाइक ने उसे जोरदार ठोकर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्र गेंद की तरह उछलकर सड़क के बीच जा गिरा और बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई. आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और दोनों घायलों को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमनौर पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने छात्र को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल बाइक चालक का प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए छपरा रेफर कर दिया गया. उसकी स्थिति भी दयनीय बताई जा रही है. सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष विमलेश कुमार पहुंच घटना की तहकीकात में जुट गए, शव को कब्जे में कर पोस्मार्टम के लिए छपरा भेज दिया गया है.
एंबुलेंस खराब रहने से ग्रामीणों में आक्रोश
उसके मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. अस्पताल में महिला-पुरुषों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. मृतक की मां अमरावती देवी का रो-रोकर हाल-बेहाल है. मृतक दो भाइयों में छोटा था और उसकी एक बहन भी है. पिता रंजीत महतो रोजी-रोटी के लिए असम में रहते हैं. परिवार काफी गरीब और असहाय बताया जाता है.इधर ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में लाने के बाद छात्र को छपरा ले जाने के लिए एंबुलेंस की मांग की गई, लेकिन एंबुलेंस खराब होने की बात कही गई. इसको लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा गया.


