CHHAPRA DESK- आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के अंतर्गत सारण जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है. जिले के 707 निजी स्वास्थ्य संस्थानों का हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री (HFR) में सफलतापूर्वक पंजीकरण किया जा चुका है. इन पंजीकृत संस्थानों में अस्पताल, नर्सिंग होम, क्लिनिक, डिस्पेंसरी, पैथोलॉजी लैब, एक्स-रे एवं अल्ट्रासाउंड सेंटर, फार्मेसी, फिजियोथेरेपी सेंटर तथा ब्लड बैंक सहित विभिन्न प्रकार के स्वास्थ्य संस्थान शामिल हैं. इसके साथ ही सारण जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत डॉक्टरों, नर्सों एवं फार्मासिस्टों का हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री (HPR) के अंतर्गत पंजीकरण सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है. यह उपलब्धि जिले में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

 क्या है HFR ?

हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री (Health Facility Registry–HFR) स्वास्थ्य संस्थानों का एक डिजिटल रजिस्टर है, जिसके माध्यम से विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों की डिजिटल पहचान एवं पंजीकरण किया जाता है. इससे स्वास्थ्य संस्थानों को देश के डिजिटल स्वास्थ्य पारिस्थितिकी तंत्र से जोड़ने में सहायता मिलती है.


क्या है HPR ?

हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री (Health Professional Registry–HPR) स्वास्थ्य पेशेवरों का एक डिजिटल रजिस्टर है, जिसके माध्यम से डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट एवं अन्य स्वास्थ्य पेशेवरों का पंजीकरण कर उन्हें डिजिटल स्वास्थ्य पारिस्थितिकी तंत्र से जोड़ा जाता है. आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत सारण जिले के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत पात्र स्वास्थ्य पेशेवरों के HPR पंजीकरण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है. वहीं निजी स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत स्वास्थ्य पेशेवरों के HPR पंजीकरण के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है. निरंतर जागरूकता, समन्वय एवं प्रेरित करने के प्रयासों के माध्यम से अधिक से अधिक निजी स्वास्थ्य पेशेवरों को इस महत्वपूर्ण डिजिटल स्वास्थ्य अभियान से जोड़ा जा रहा है.