CHHAPRA DESK- सारण जिला अंतर्गत डोरीगंज थाना क्षेत्र के डुमरी नेहाला टोला गांव के पास बाढ़ के पानी के तेज बहाव में डूबे युवक का शव आज तीसरे दिन नदी से बरामद किया गया है. बताया जाता है कि बीते रविवार की सुबह वह अपने पुराने घर नेहाला टोला जा रहा था, तभी पानी की तेज बहाव में बह गया. जिससे डूबने के कारण उसकी मौत हो गई थी. रविवार से ही शव की तलाश स्थानीय लोग कर रहे थे. वहीं एसडीआरएफ की टीम भी तलाश की थी लेकिन सफलता नहीं मिली थी. काफी खोजबीन के बाद आज 48 घंटे बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसका शव नदी से बरामद किया गया. मृत युवक स्थानीय थाना क्षेत्र के सिंगही कालोनी निवासी विरेन्द्र राय का 20 वर्षीय पुत्र धीरज कुमार बताया गया है. शव बरामद होते ही परिवार में चीख पुकार मच गई. वहीं स्थानीय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जहां सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया. पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के परिवार वालों ने बताया कि रविवार की सुबह 9 बजे के करीब वह अपने पुराने घर नेहाला टोला जा रहा था. तभी वह पानी की तेज बहाव में बह गया. स्थानीय लोगों ने आसपास पानी में खोजने का प्रयास किया लेकिन पता नही चल सका था. धीरज चालक का काम करता था.


