CHHAPRA DESK- सारण जिले में बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर आज विभिन्न पदाधिकारियों द्वारा जिले के अलग-अलग प्रखंडों के बाढ़ प्रभावित एवं संभावित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया गया. निरीक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों की सभी तैयारियां पूरी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. छपरा सदर प्रखंड के कोटवा पट्टी रामपुर, बरहरा, मांझी, रायपुर एवं बिनगांव में बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए निरीक्षण किया गया. इसी प्रकार दिघवारा प्रखंड के अकिलपुर, गरखा प्रखंड के मौजमपुर, इटवा एवं श्रीपाल बसंत, रिविलगंज प्रखंड के दलिया एवं रहीमपुर तथा सोनपुर प्रखंड के सबलपुर पूर्वी, सबलपुर पश्चिमी, सबलपुर उत्तरी, सबलपुर मध्यवर्ती, नजरमीरा, शाहपुर, खरीका, घरपुरा, गंगाजल, कस्मर, सैदपुर, हासिलपुर, रसूलपुर, सितापुर एवं कल्याणपुर क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया गया.
जलस्तर, आवागमन एवं तटबंधों की स्थिति का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान बाढ़ की स्थिति, जलस्तर, आवागमन के साधनों, तटबंधों एवं ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति, स्थानीय लोगों की आवश्यकताओं तथा उपलब्ध राहत संसाधनों की जानकारी ली गई. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक रसोई का संचालन, ऊंचे स्थलों पर आश्रय स्थल की व्यवस्था, पर्याप्त राहत सामग्री का वितरण, नावों का सुरक्षित परिचालन, पेयजल एवं स्वच्छता की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. इसके साथ ही पॉलीथिन शीट, खाद्य सामग्री, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय एवं अन्य आवश्यक आपदा राहत सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया.


