CHHAPRA DESK- सारण वासियों के बेहतर स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े गंभीर मुद्दे को लेकर फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया के नेतृत्व में आज छपरा शहर में कैंडल मार्च निकाला गया. छपरा कचहरी स्टेशन से शुरू हुआ मार्च नगर पालिका चौक, थाना चौक से पुनः नगरपालिका चौक पहुंचा. जिसमें शामिल लोगों के हाथों में जलती मोमबत्तियां, तिरंगा और विभिन्न नारों से लिखी तख्तियां थीं. शांतिपूर्ण मार्च के दौरान ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन मशीन को तत्काल चालू कराने की मांग जोरदार तरीके से उठाई गई. फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष मंटू कुमार यादव ने कहा कि, आज का कैंडल मार्च केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनहित के निर्णायक संघर्ष का शंखनाद है. वर्षों से बंद पड़ी मशीन को अब और इंतजार नहीं कराया जा सकता. यह मुद्दा किसी व्यक्ति या संगठन का नहीं, पूरे सारण की जनता के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ा सवाल है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और व्यापक किया जाएगा. आने वाले दिनों में धरना-प्रदर्शन, जनसंपर्क अभियान, सामूहिक विरोध तथा आवश्यकता पड़ने पर भूख हड़ताल जैसे लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण कदम भी उठाए जा सकते हैं. उन्होंने कहा कि आज कुछ लोग सड़कों पर आए हैं, लेकिन आने वाले दिनों में सारण के हर प्रखंड, हर पंचायत और हर गांव से लोग इस आवाज से जुड़ेंगे. यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन मशीन जनता के लिए चालू नहीं हो जाती. फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया ने प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि जनभावनाओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि आंदोलन को आगे उग्र करने की आवश्यकता ही न पड़े. मौके पर भाजपा युवा मोर्चा के क्षेत्रीय प्रभारी राजीव कुमार तिवारी, प्रभारी सचिव मकेश्वर पंडित, रेड ब्लड वॉरिअर तारिक अनवर, आशुतोष कुमार, विनय कुमार, पूजा कुमारी मनीषा कुमारी, जिया, प्रतीक, सत्येंद्र कुमार यादव, शैलेश कुमार, विक्की कुमार शाहिद अन्य सामाजिक संगठन राजनीतिक संगठन समेत अन्य लोग मौजूद रहे.