CHHAPRA DESK- सारण जिले में दुर्गापूजा एवं रावण दहन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं. उपलब्ध प्रतिवेदन के अनुसार, जिले के 37 थानों से संबंधित कुल 1,126 अनुज्ञप्ति आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 774 अनुज्ञप्तियां निर्गत की जा चुकी हैं. शेष आवेदनों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. वहीं, मूर्ति विसर्जन के लिए 20 से 23 अक्टूबर तक की तिथियों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं. पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पूजा समितियों एवं शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठकें आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं. असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के साथ निरोधात्मक कार्रवाई एवं बंधपत्र की कार्रवाई की जा रही है. इसके अतिरिक्त, डीजे संचालकों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है. जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. प्रशासन का उद्देश्य सभी धार्मिक आयोजनों को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. जिला प्रशासन, सारण की आम नागरिकों एवं सभी पूजा समितियों से अपील है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें। सभी नागरिक आपसी सहयोग, सद्भाव एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाएँ और शांतिपूर्ण आयोजन में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें.
दशहरा एवं दुर्गापूजा के अवसर पर परिवर्तित यातायात व्यवस्था
दशहरा एवं दुर्गापूजा–2026 के अवसर पर छपरा शहर में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त आदेश जारी किया गया है. दिनांक 17 से 19 अक्टूबर तक निर्धारित समयावधि में तथा 20 से 23 अक्टूबर तक विभिन्न मार्गों पर बड़े, छोटे एवं तीन/चार पहिया वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लागू रहेंगे. मांझी-रिविलगंज, मेथवलिया, नेवाजी टोला, भिखारी ठाकुर चौक एवं ब्रह्मपुर चौक सहित प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रण एवं वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था निर्धारित की गई है. तीन/चार पहिया वाहनों की पार्किंग के लिए जगदम कॉलेज मैदान, छपरा हवाई अड्डा मैदान एवं डॉ. प्रभुनाथ सिंह कॉलेज मैदान निर्धारित किए गए हैं. दिनांक 20 अक्टूबर को रावण पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन के लिए विशेष प्रतिबंध लागू रहेंगे. आपातकालीन एवं अत्यावश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार छूट रहेगी.
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से निर्धारित यातायात मार्गों एवं पार्किंग स्थलों का पालन करने तथा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है.
संबल एवं ADIP योजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर
संबल योजना एवं एडीआईपी (ADIP) योजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिनांक 21 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक जिले के विभिन्न प्रखंडों में विशेष परीक्षण-सह-आवेदन शिविर आयोजित किए जाएंगे. इन शिविरों में बैटरी चालित एवं हस्तचालित ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र, सीपी चेयर तथा कृत्रिम अंग सहित विभिन्न सहायक उपकरणों के लिए परीक्षण एवं आवेदन की सुविधा उपलब्ध रहेगी.

