CHHAPRA DESK- कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), सारण के तत्वावधान में आज नहर के हेमनगर, स्थित एक विधान भवन में जिला स्तरीय वासंतिक (रबी) कर्मशाला-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम 2026 का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला अपर समाहर्ता ई.मुकेश कुमार द्वारा किया गया. उस दौरान जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक, आत्मा सारण ,मधुरेंद्र कुमार सिंह, उप निदेशक कृषि अभियंत्रण, ई दीपक कुमार, कृषि विज्ञान केंद्र,मांझी के वरीय वैज्ञानिक डॉ आर के तिवारी,जिला पशुपालन अधिकारी डॉ राकेश कुमार,जिला उद्दान पदाधिकारी सुधीर तिवारी,उप परियोजना निदेशक शमशेर आलम कार्यक्रम समन्वयक दीपक कुमार तथा प्रगतिशील महिला कृषक आदि उपस्थित रही. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडीएम ने कहा कि कृषि प्रसार कर्मी, किसानों और कृषि विभाग के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं. विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, नवीन तकनीकों एवं कृषि संबंधी नवाचारों को किसानों तक पहुंचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।वही
जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक, आत्मा,सारण के मधुरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि सारण एक कृषि प्रधान जिला है. जहां किसान आधुनिक तकनीकों को अपनाकर कृषि उत्पादन में निरंतर वृद्धि कर रहे हैं. कृषि विभाग द्वारा किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज, उर्वरक, कृषि यंत्र तथा विभिन्न सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने किसानों से अपील की कि वे विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिकतम लाभ उठाएं तथा कृषि कार्यों को निर्धारित समय सीमा के अनुसार पूरा करें. उन्होंने वासंतिक (रबी) मौसम के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी कृषि प्रसार कर्मियों को दी. साथ ही, उद्यान सहित कृषि विभाग के अन्य संभागों द्वारा संचालित योजनाओं से अधिकाधिक पात्र किसानों को लाभान्वित करने का निर्देश दिया. कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने रबी फसलों की बेहतर पैदावार के लिए वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों एवं तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने किसानों को सलाह दी कि रबी फसलों की बुआई निर्धारित समय पर करें तथा प्रमाणित एवं उन्नत किस्मों के बीजों का उपयोग करें. साथ ही, मिट्टी की जाँच के आधार पर संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग करने और जल संरक्षण के उपायों को अपनाने पर जोर दिया. वर्तमान मौसम परिस्थितियों के मद्देनजर किसानों को मौसम आधारित कृषि सलाह का नियमित पालन करने के लिए भी प्रेरित किया गया। इस अवसर पर बताया गया कि कृषि विज्ञान केंद्र,मांझी किसानों को प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन एवं नवीन कृषि तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है. कार्यशाला में कृषि विभाग के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने रबी फसलों की वैज्ञानिक खेती, उन्नत बीजों के उपयोग, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, सिंचाई, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा की. इस अवसर पर प्रखंड स्तरीय अधिकारी व कर्मी रमन कुमार, प्रवीणा कुमारी, सुप्रिया रानी, जितेन्द्र वर्मा, अजय कुमार सिंह, प्रशांत सिंह, अनिरुद्ध कुमार सिंह तथा शरीफ अंसारी सहित सैकड़ों किसान आदि उपस्थित रहे।धन्यवाद ज्ञापन सहायक निदेशक प्रक्षेत्र हरिद्वार प्रसाद चौरसिया ने किया.

