CHHAPRA DESK- बिहार विधान परिषद के 03–सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन–2026 के तहत सारण जिले के सभी 20 मतदान केंद्रों पर दिनांक 23 अक्टूबर (शुक्रवार) को पूर्वाह्न 08:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक मतदान कराया जाएगा. जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के आदेश के आलोक में निर्वाचन प्रक्रिया को स्वच्छ, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. इसके तहत सभी मतदान केंद्रों के लिए जोनल एवं सुपर जोनल दंडाधिकारियों, स्टैटिक दंडाधिकारियों तथा संबंधित पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा, दायित्वों की स्पष्टता एवं कार्यों के प्रभावी निष्पादन के उद्देश्य से दिनांक 22 अक्टूबर को पूर्वाह्न 10:00 बजे भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में संबंधित पदाधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की जाएगी. जोनल एवं सुपर जोनल दंडाधिकारियों, स्टैटिक दंडाधिकारियों तथा संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है.  मतदान के दिन जोनल एवं सुपर जोनल दंडाधिकारी अपने-अपने संबद्ध क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर मतदान प्रक्रिया की सतत निगरानी करेंगे तथा जिला नियंत्रण कक्ष को नियमित रूप से अद्यतन स्थिति से अवगत कराएंगे. स्टैटिक दंडाधिकारी एवं संबंधित पुलिस पदाधिकारी मतदान केंद्रों पर विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे. साथ ही, मतदान दलों एवं निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित परिवहन तथा मतदान समाप्ति के बाद मतपेटियों एवं निर्वाचन सामग्री को निर्धारित स्थल पर सुरक्षित जमा कराने हेतु संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दायित्व सौंपे गए हैं. जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता, निष्पक्षता, सुरक्षा एवं अनुशासन बनाए रखने पर विशेष बल दिया जा रहा है. सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी तत्परता, सजगता एवं जवाबदेही के साथ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके.