CHHAPRA DESK- छपरा शहर से सटे जान टोला दिलिया रहीमपुर स्थित गांधी विद्यालय के समीप सरयू नदी में स्नान करने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई. मृतक की पहचान भगवान बाजार थाना क्षेत्र के दौलतगंज जरती माई, रतनपुरा निवासी मनोज राय के 20 वर्षीय पुत्र दशरथ कुमार राय के रूप में हुई है. घटनास्थल रिविलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नदी तट की है. जानकारी के अनुसार दशरथ कुमार अपने पिता के साथ सरयू नदी के समीप नहाने के लिए गया था. नहाने के दौरान वह बाढ़ के कारण गहरे पानी में चला गया और डूब गया. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने युवक की तलाश शुरू की. सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और मुखिया प्रतिनिधि सह पुत्र भोला भी मौके पर पहुंचे और शव की तलाश में जुट गए. करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक के शव को नदी से बाहर निकाला गया. इसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा लाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. संतोष कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी. सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है.