CHHAPRA DESK- सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार बाढ़ की स्थिति एवं बचाव तैयारियों के मद्देनजर आज रिविलगंज प्रखंड अंतर्गत सीताब दियारा के रामेश्वर टोला स्थित रिंग बांध का स्थल निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी, रिविलगंज द्वारा रिंग बांध की स्थिति का जायजा लिया गया. निरीक्षण के क्रम में गंगा फ्लड डिवीजन, छपरा के सहायक अभियंता धर्मेन्द्र कुमार, मुखिया प्रतिनिधि मनोकामना सिंह सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे. अधिकारियों ने रिंग बांध पर जलस्तर एवं पानी के दबाव की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की. रिंग बांध पर पानी का दबाव पाया गया, हालांकि वर्तमान स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग द्वारा आवश्यक सतर्कता बरती जा रही है. निरीक्षण के दौरान रिंग बांध पर लगभग 8,000 बोरा का पर्याप्त स्टॉक तैयार पाया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुरक्षात्मक कार्य किया जा सके.विदित हो कि उक्त रिंग बांध रामेश्वर टोला, सिताब दियारा एवं उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बड़का सुफल टोला के मध्य अवस्थित है. जिला प्रशासन एवं गंगा फ्लड डिवीजन, छपरा द्वारा रिंग बांध की स्थिति तथा जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
APHC सीताब दियारा में स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों द्वारा सीताब दियारा स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (APHC) का भी निरीक्षण किया गया. इस दौरान सभी चिकित्सक एवं सहयोगी स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित पाए गए तथा स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन सामान्य रूप से होता पाया गया.स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध पाया गया. साथ ही, APHC परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक पाई गई. अधिकारियों ने स्वास्थ्यकर्मियों को बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने एवं किसी भी आपात स्थिति के लिए तत्पर रहने का निर्देश दिया. जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में जल संसाधन, स्वास्थ्य, राहत एवं बचाव सहित अन्य आवश्यक सेवाओं की व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जा रही है. प्रशासन संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है.


