CHHAPRA DESK- छपरा-सिवान मुख्य मार्ग स्थित कोपा थाना अंतर्गत तीन बाइकों की टक्कर में जहां एक युवक की मौत मौके पर हो गई, वहीं दो युवती समेत चार लोग घायल हैं, जिनका उपचार सदर अस्पताल में चल रहा है. वहीं एक युवक को सदर अस्पताल से निजी अस्पताल में पहुंचाया गया है. मृत युवक की पहचान कोपा थाना क्षेत्र के सम्होता मठिया गांव निवासी स्वर्गीय मुकेश यादव के 25 वर्षीय पुत्र दिव्यांशु कुमार यादव के रूप में की गई है. जबकि घायलों में मांझी थाना क्षेत्र निवासी 18 वर्षीय सूरज कुमार यादव, कोपा सम्होता निवासी 22 वर्षीय चंदन कुमार यादव तथा 24 वर्षीय अंकित तिवारी, 25 वर्षीय शिखा एवं 23 वर्षीय शिवानी शामिल है. हालांकि दुर्घटना के बाद कोपा थाना पुलिस ने सभी घायलों को उठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक के द्वारा दिव्यांशु को मृत घोषित कर दिया गया. वहीं अन्य घायलों का उपचार सदर अस्पताल में चल रहा है. उपचार के क्रम में चंदन यादव को निजी एंबुलेंस से प्राइवेट अस्पताल में पहुंचाया गया है. सूचना के बाद दिव्यांशु के घर वाले रोते-पीटते सदर अस्पताल पहुंचे, वहीं देर रात होने के कारण शव का पोस्टमार्टम अगले दिन कराए जाने को लेकर अस्पताल में ही रखा गया है. फिलहाल पुलिस जांच पड़ताल कर रही है. बताया जाता है कि तेज गति होने के कारण दो बाइकों की आपस में टक्कर हुई. वहीं दुर्घटना के बाद एक बाइक तीसरी बाइक से टकरा गई और बड़ा हादसा हो गया.