CHHAPRA DESK - बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग, पटना द्वारा आयोजित बिहार पुलिस रेडियो (वितंतु) बिहार पटना में सहायक अवर निरीक्षक (प्रचालक) के पद हेतु 22 जुलाई 2026 को आयोजित प्रारंभिक लिखित परीक्षा हेतु जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के द्वारा में प्रेक्षागृह में संयुक्त ब्रीफिंग कर आवश्यक निर्देश दिया गया. ब्रीफिग को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने उपस्थित केन्द्राधीक्षक, स्टैटिक दण्डाधिकारी-सह प्रेक्षक, पुलिस पदाधिकारी, जोनल दण्डाधिकारी- सह-समन्वय प्रेक्षक, उड़नदस्ता दण्डाधिकारी को परीक्षा के कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु आवश्यक निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि डॉक्युमेंटेशन चेक करने में सावधानी रखें. केंद्र में आने वाले फोटोग्राफर, वीडियोग्राफर की भी शारीरिक जांच की जाए. परीक्षा के एक दिन पूर्व केंद्र को पूरी तरह सेनेटाइज करने का निर्देश दिया गया. जिलाधिकारी के द्वारा बताया गया कि सहायक अवर निरीक्षक (प्रचालक) के पद हेतु लिखित परीक्षा 22 जुलाई को एक पाली पूर्वाह्न 11ः00 बजे से 01 बजे अपराह्न तक आयोजित होगी. अभ्यर्थियों को 09ः30 बजे पूर्वाह्न में रिपोर्टिंग करना आवश्यक होगा. परीक्षा के कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उदेश्य से जिला मुख्यालय में 20 परीक्षा केन्द्र बनाये गये है. जिसमें 9321 परीक्षार्थी भाग लेंगे. 


ई-प्रवेश पत्र एवं बायोमैट्रिक फिंगरप्रिंट के बाद मिलेगा प्रवेश 


प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर आयोग द्वारा प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए बायोमैट्रिक फिंगरप्रिंट एवं फोटोग्राफी की व्यवस्था की गई हैं. केंद्र के अंदर परीक्षार्थियों को ई-प्रवेश पत्र एवं फोटो पहचान पत्र के बिना प्रवेश नहीं दिया जाएगा. ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन एवं विधि-व्यवस्था संधारण हेतु प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर स्टैटिक दण्डाधिकारी-सह प्रेक्षक, पुलिस पदाधिकारी, जोनल दण्डाधिकारी- सह-समन्वय प्रेक्षक, उड़नदस्ता दण्डाधिकारी पुलिस पदाधिकारी के साथ-साथ बड़ी संख्या में 1-4 सशस्त्र पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है. सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल परीक्षा तिथि को परीक्षा प्रारंभ होने के दो घंटा पूर्व अपना प्रतिनियुक्ति स्थल ग्रहण कर लेंगे एवं परीक्षा के समाप्ति के बाद भी केन्द्र पर उपस्थित रहकर विधि-व्यवस्था संधारित करेंगे. निर्देशित किया गया कि प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी, संबंधित केन्द्रों पर भ्रमणशील रहकर परीक्षा को स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालित करना सुनिश्चित करेंगे. उन्होंने कहा कि परीक्षा के सफल संचालन में सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी विशेष सतर्कता रखते हुए अपनी जवाबदेही निभाएंगे.


इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर रहेगा प्रबंध 


परीक्षा केन्द्र के मुख्य द्वार पर ही केन्द्राधीक्षक, प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस बल की सहायता से परीक्षार्थियों की शारीरिक जांचोपरांत, उनके ई-प्रवेश पत्र को देख कर परीक्षा कक्ष में प्रवेश करेने देंगे. सभी परीक्षा केन्द्रों पर विडियोग्राफी कराने का निर्देश दिया गया है. परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष के अंदर मोबाईल, ब्लूटूथ, पेजर या अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिभाईस चिट, चाकू, माचिस, ब्लेड आदि ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध होगा. अनुमंडल पदाधिकारी सदर को परीक्षा केन्द्रों के 500 गज की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की घारा 163 के अन्तर्गत निषेधाज्ञा लागू करने का निदेश दिया गया है. अनुमंडल कार्यालय सदर, छपरा के कार्यालय परिसर में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की जाएगी, जिसकी दूरभाष संख्या-06152-242444 है. यह नियंत्रण कक्ष परीक्षा तिथि को पूर्वाह्न 07:30 बजे से अपराह्न 03 बजे तक कार्यरत रहेगा.