CHHAPRA DESK –   छपरा मेडिकल कॉलेज (राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल) में आज उस समय अफरातफरी मच गई जब मेडिकल कॉलेज के सिक्योरिटी गार्ड और सफाई कर्मियों ने कामकाज ठप्प करते हुए हंगामा शुरू कर दिया. उस दौरान मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक सह प्राचार्य डॉक्टर सीपी जायसवाल के द्वारा उन्हें समझाने का प्रयास किया गया लेकिन वे हंगामा पर उतारू थे. जिसके बाद उनके द्वारा इस घटना की सूचना जिला प्रशासन को दी गई. सूचना के बाद सदर एसडीएम, सदर सीओ एवं मुफस्सिल थाना पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया.

Add

अनुबंध समाप्त होने से उत्पन्न हुई समस्या : अधीक्षक

इस संबंध में पूछे जाने पर मेडिकल कॉलेज अधीक्षक डॉक्टर सीपी जायसवाल ने बताया कि सिक्योरिटी गार्ड का अनुबंध समानता कंपनी से 3 वर्षों का था, जो कि 15 जुलाई को समाप्त हो रहा है और 16 जुलाई से शिवा नामक एनजीओ ग्रुप सिक्योरिटी का जिम्मा ले रही है. जिसको लेकर सिक्योरिटी गार्ड और एलिट के सफाई कर्मी हंगामा पर उतर आए और उनके द्वारा इसका विरोध किया जा रहा है. राज्य स्वास्थ्य समिति के निर्देश में उन्हें इस आदेश को इंप्लीमेंट करना है. अब नई कंपनी अपने नियम शर्तों के अनुसार ही जिसको चाहे रखेगी इससे उन्हें कोई लेना-देना नहीं है.

हंगामा कर रहे सिक्योरिटी गार्ड और सफाई कर्मियों ने क्या कहा

इस संबंध में हंगामा कर रहा है सिक्योरिटी गार्ड और सफाई कर्मियों ने कहा कि उन लोगों ने लगातार 3 वर्षों तक मेडिकल कॉलेज के लिए अच्छे तरीके से काम किया है. अब नई कंपनी शिवा के आने के बाद उनकी नौकरी चली जाएगी. उनके कार्य को देखते हुए नई कंपनी के द्वारा भी उन्हें रखा जाना चाहिए था. हंगामा कर रहे कर्मियों ने आरोप लगाया है कि नयी कंपनी उन्हें बहाल करने को लेकर अवैध रुपए की मांग कर रही है और नौकरी जाने के बाद वे लोग फुटपाथ पर आ जाएंगे.