CHHAPRA DESK- सारण वन प्रमंडल कार्यालय में आज दैनिक वेतन भोगी वन श्रमिकों ने लंबित वेतन भुगतान और नियोजन से जुड़ी अनियमितताओं को लेकर आक्रोश प्रदर्शन किया है. अपनी विभिन्न मांगों को लेकर दैनिक वेतन भोगी वन श्रमिकों ने वन प्रमंडल पदाधिकारी के कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है. श्रमिकों ने विभागीय स्तर पर मामले की पुनः समीक्षा कर न्यायोचित आदेश पारित करने की मांग की है. उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. उनकी प्रमुख मांगों में लंबित बकाया मजदूरी का शीघ्र भुगतान, 25 वर्षों से कार्यरत वन श्रमिकों को कुशल श्रमिक के अनुरूप मानदेय देना, सभी दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को परिचय पत्र जारी करना और इच्छुक पुराने श्रमिकों को काम पर रखने में प्राथमिकता देना शामिल है. इसके अलावा श्रमिकों ने लिखित नियमावली उपलब्ध कराने, पौधों की सुरक्षा के लिए एक वन रक्षक के जिम्मे पौधों की निर्धारित संख्या बताने तथा नमामि गंगे और चंपा योजना की अवधि एवं पौधों की सुरक्षा संबंधी प्रावधानों की जानकारी देने की मांग की है. वही अध्यक्ष अशोक कुमार ने कहा कि 10 से 20 वर्षों से लगातार काम कर रहे श्रमिकों को नियमित किया जाए. कार्यरत सभी श्रमिकों की नियमित हाजिरी बनाई जाए और समान काम के लिए समान वेतन लागू किया जाए. उन्होंने कर्मचारियों को वर्दी, लाठी, छाता और जूता उपलब्ध कराने की भी मांग की. वही प्रमंडलीय मंत्री शिव नारायण महतो ने कहा कि वर्ष 2025 में ही राज्य सचिव की ओर से तीन दिनों के अंदर कार्यरत कर्मचारियों की सूची मांगी गई थी. विभाग का कहना है कि सूची भेज दी गई है, लेकिन जब कर्मचारी उसकी छायाप्रति मांग रहे हैं तो उन्हें उपलब्ध नहीं कराई जा रही है. इसको लेकर भी श्रमिकों में नाराजगी है.
वन श्रमिकों ने वन प्रमंडल कार्यालय में अपनी मांगों को ले किया प्रदर्शन

