CHHAPRA DESK- छपरा शहर के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अड्डा नंबर दो रूपगंज मोहल्ला में आज देर शाम विवाद के बाद हुई इस चाकू बाजी में दो किशोर समेत तीन लोग जख्मी हुए हैं, जिसमें चाकू लगने से गंभीर स्थिति में एक युवक एवं एक किशोर को सदर अस्पताल से पीएमसीएच रेफर किया गया है. जबकि दूसरे पक्ष से एक अधेड़ व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे आरोपी का पिता बताया जा रहा है. गंभीर रूप से जख्मी में नगर थाना क्षेत्र के पूर्वी दहियावांअड्डा नंबर दो निवासी जलेश्वर महतो का 25 वर्षीय पुत्र प्रद्युम्न कुमार तथा परशुराम महतो का 15 वर्षीय पुत्र रंजन कुमार शामिल हैं. उस दौरान मारपीट में उनके पक्ष से मिशन रोड मोहल्ला निवासी संजय महतो का 17 वर्षीय पुत्र कुलदीप कुमार भी जख्मी हुआ है. जबकि दूसरे पक्ष से भी एक व्यक्ति को सदर अस्पताल लाया गया, जिसका सिर फटा हुआ था. उक्त विपक्षी रूपगंज मोहल्ला निवासी स्वर्गीय पारस राय का 50 वर्षीय पुत्र केशव राय बताया गया है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि कुलदीप कुमार से विवाद के बाद पूछताछ करने के लिए प्रद्युम्न कुमार तथा रंजन कुमार वहां पहुंचे थे. उसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपित ने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया. जिसके बाद चाकू लगने से गंभीर दोनों को सदर अस्पताल से बेहतर चिकित्सा के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है. वहीं अन्य दो जख्मी का उपचार सदर अस्पताल में चल रहा है. इस संबंध में स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि चाकू से हमला करने वाला युवक पहले भी कई लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर चुका है. लोगों का दावा है कि वह अब तक करीब 10 लोगों को चाकू मारकर घायल कर चुका है. इसके बावजूद उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से उसका मनोबल बढ़ा हुआ है.
सदर अस्पताल में भी मारपीट, पुलिस ने किया नियंत्रित
क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना सुनते ही नगर थाना पुलिस दलबल के साथ रूपगंज मोहल्ला पहुंची और स्थिति को संभाला. उस दौरान चाकू मारने वाले आरोपी युवक के पिता का सिर फटने के बाद पुलिस ने उसे उठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां दूसरे पक्ष के लोग काफी संख्या में पहले से मौजूद थे और उन लोगों ने उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी, लेकिन पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया नहीं तो बहुत बड़ा बवाल हो जाता. हालांकि लोग इस घटना के बाद काफी आक्रोशित थे. लोगों ने पुलिस से आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि इलाके में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. फिलहाल दोनों पक्षों के लोगों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है.फिलहाल सदर अस्पताल में मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी. वहीं पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है.

