CHHAPRA DESK - सारण जिले के भगवान बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत दौलतगंज अड्डा नंबर 5 जान टोला में बीते 26 अगस्त उपचार को हुई चाकूबाजी के दौरान गंभीर रूप से जख्मी युवक की उपचार के दौरान आज पटना में मौत हो गई. जिसके बाद परिवार वाले रोते-पीटते शव लेकर छपरा पहुंचे. जहां भगवान बाजार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया. मृत युवक स्थानीय दौलतगंज, फिदर बाजार अड्डा नंबर पांच निवासी स्वर्गीय लालू प्रसाद का 32 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार बताया गया है. पोस्टमार्टम के दौरान इस संबंध में मृतक के भाइयों ने बताया कि उनके पड़ोस में पति पत्नी और ससुर सभी लोग आपस में झगड़ा कर रहे थे. उस दौरान वह बीच-बचाव करने के लिए पहुंचा था, बीच बचाव के बाद वह जैसे ही अपने दरवाजे पर पहुंचा उसी बीच उनमें से एक युवक ने अचानक दरवाजे पर आकर उसके पेट में चाकू घोंप दिया. जिसके कारण वह छटपटाने लगा और वे लोग उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना रेफर किया गया. पटना में उपचार के दौरान आज पांचवे दिन उसकी मौत हुई है.
2 महीने पहले ही हुई थी शादी
बता दें कि सोनू की शादी दो महीने पहले ही हुई थी. घर के बाहर पड़ोसियों के बीच मारपीट और गाली-गलौच को सुनकर वह बीच-बचाव और उन्हें मना करने के लिए गया था, कि उनके घर में महिलाएं हैं और गाली-गलोच करना ठीक बात नहीं है. जिसको लेकर पड़ोसी के द्वारा ही उसके पेट में चाकू घोंपकर उसकी हत्या की गई. हालांकि पुलिस ने बीते दिनों उसे गिरफ्तार भी कर लिया है. फिलहाल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.

