CHHAPRA DESK- पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी रेल मंडल के छपरा-सिवान रेलखंड पर एकमा रेलवे स्टेशन के पूर्वी रेलवे गुमटी संख्या 67बी के समीप आज डाउन छपरा-टाटा एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौत हो गई. समाचार प्रेषण तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. मिली जानकारी के अनुसार रेलवे ढाला संख्या 67बी से करीब सौ गज की दूरी पर रेलवे सिग्नल लाइट के समीप युवक का शव ट्रैक के किनारे पड़ा मिला. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. ड्यूटी पर तैनात गेटमैन अनुराग कश्यप ने बताया कि ट्रेन गुजरने के बाद वे रेलवे फाटक खोलने की तैयारी कर रहे थे. उसी दौरान किसी ने ट्रेन से कटकर एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना दी. मौके पर पहुंचने पर युवक मृत अवस्था में मिला. जिसके बाद उन्होंने स्टेशन मास्टर को घटना की जानकारी दी.सूचना मिलने पर जीआरपी की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू की. वह सफेद रंग की शर्ट और काले रंग की फुल पैंट पहने हुए था. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया.घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने भी मृतक की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर युवक की पहचान कराने में जुटी है, ताकि उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके. फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है और वह किन परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आया, इसका भी पता नहीं चल पाया है.

