CHHAPRA DESK- सारण जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में आज हुए हादसों में कुल सात मौतें हुई हैं, जहां एक युवक के शव की पहचान नहीं हो पाई है. 

पहली घटना जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मढ़ौरा-खैरा मुख्य पथ पर एसएफसी गोदाम के समीप घटी, जहां तेज रफ्तार बाइक और टेंपो की आमने-सामने टक्कर हो गई. इस दुर्घटना में एक महिला समेत बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक किशोर ने रेफर किये जाने के बाद छपरा सदर अस्पताल पहुंचते ही इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. मृत किशोर स्थानीय थाना क्षेत्र के शिल्हौरी गांव निवासी उमेश ठाकुर का 17 वर्षीय पुत्र पवन ठाकुर बताया गया है. वहीं घायलों में रामनरेश तिवारी का 21 वर्षीय पुत्र सोनू तिवारी, तरैया थाना क्षेत्र निवासी अभिलाख पंडित की 62 वर्षीय पत्नी मोतीझड़ी देवी सहित अन्य शामिल हैं.

दूसरी घटना जिले के पानापुर थाना क्षेत्र में बाजार स्थित दुर्गा मंदिर के समीप संध्या पहर तरैया रामकोला स्थित शिव एकेडमी के स्कूली बस की चपेट में आकर बाइक सवार महिला की मौत हो गयी. मृत महिला पिपरा गांव निवासी रामचंद्र सिंह की 55 वर्षीय पत्नी कलावती देवी बतायी जाती हैं. हादसे के तुरंत बाद आरोपी बस चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया. 

तीसरी घटना में जिले के डोरीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मुख्य मार्ग पर सड़क हादसे में एक ट्रक ड्राइवर की मौत मौके पर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक केबिन में ही दब गया और मौत हो गई. करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद केबिन काटकर शव को बाहर निकाला जा सका. मृत ट्रक चालक डेरनी थाना क्षेत्र के ककरहट गांव निवासी शिव पारसी राय का 42 वर्षीय पुत्र अखिलेश राय बताया गया है. बताया जा रहा है कि ट्रक आगे चल रहे वाहन से पीछे से टकरा गया. इस हादसे में वह केबिन में ही दब गया जिससे मौत हो गई. 

चौथी घटना में जिले के एकमा थाना अंतर्गत मुख्य मार्ग पर हुई सड़क दुर्घटना में रसूलपुर थाना क्षेत्र के चपरैठी गांव निवासी देवलाल प्रसाद के 20 वर्षीय पुत्र अमन कुमार की मौत हुई है. 

पांचवीं घटना जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र में घटी, जहां स्थानीय थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव निवासी स्वर्गीय सकलदेव पांडे का 61 वर्षीय पुत्र रंजय कुमार पांडे की मौत हुई है.

छठी घटना में पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी रेल मंडल के छपरा-सिवान रेलखंड पर घटी, जहां एकमा रेलवे स्टेशन के पूर्वी रेलवे गुमटी संख्या 67बी के समीप डाउन छपरा-टाटा एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौत हो गई. समाचार प्रेषण तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. वह सफेद रंग की शर्ट और काले रंग की फुल पैंट पहने हुए था.

सातवीं घटना में जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नौतन पश्चिम टोला स्थित पोखर में डूबने से आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई. मृतक की पहचान अखिलेश कुमार सिंह के पुत्र सार्थक के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि खोजबीन के दौरान घर के पास स्थित पोखर से उसे निकालकर मढ़ौरा अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.