CHHAPRA DESK- जेल भरो अभियान की सफलता और एक दिसंबर को जिला मुख्यालय में आयोजित सत्याग्रह को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के कार्यकर्ताओं ने मढ़ौरा प्रखंड के बहुआरापट्टी गांव में प्रभात फेरी निकालकर जनजागरण किया. जुलूस में शामिल कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर नारेबाजी की और लोगों से सत्याग्रह में शामिल होने की अपील की.
प्रभात फेरी के दौरान कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो, वोट चोरी बंद करो, एसआईआर वापस लो, महंगाई-बेरोजगारी पर रोक लगाओ, सभी गरीबों को वास के लिए पांच डिसमिल जमीन दो तथा ताप्ती गंगा ट्रेन का मढ़ौरा में ठहराव करो जैसे नारे लगाए. जुलूस का नेतृत्व भाकपा जिला सचिव रामबाबू सिंह एवं तंजीमे इंसाफ के प्रो रजाक हुसैन ने किया. इस मौके पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिला सचिव रामबाबू सिंह ने कहा कि आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त है. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकारें ज्ञानेश कुमार के माध्यम से एसआईआर प्रक्रिया के जरिए करोड़ों लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने में लगी हैं. इन सभी जनहित के सवालों को लेकर एक दिसंबर को जिला मुख्यालय में सत्याग्रह आयोजित किया जाएगा. उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में सत्याग्रह में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की.कार्यक्रम में रामबाबू सिंह, प्रो रजाक हुसैन, प्रो भूपेश, प्रेम सुंदर मांझी, मंसूर आलम, विगल मांझी, इरफान अहमद, ईद मोहम्मद, सलाहुद्दीन, आफताब आलम, आयशा खातून, रिजवान आलम, अकबर हुसैन, सहीना खातून, तफसून बेगम, लैला खातून, गौतम साह, गंग दयाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे.

