CHHAPRA DESK- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है. इसी क्रम में आज दिनांक 25 नवंबर 2026 को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के आदेशानुसार उप विकास आयुक्त, सारण की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दावा-आपत्ति प्राप्त करने, उनके निष्पादन, मतदाता सूची की शुद्धता एवं अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई.
दावा-आपत्तियों की अद्यतन स्थिति
दिनांक 12 नवंबर से 23 नवंबर 2026 तक प्राप्त प्रपत्र-6, 7 एवं 8 के अनुसार जिले के सभी 10 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 8,100 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें प्रपत्र-6 के 4,978, प्रपत्र-7 के 1,023 तथा प्रपत्र-8 के 2,099 आवेदन शामिल हैं. विधानसभा क्षेत्रवार प्राप्त आवेदनों में सोनपुर में सर्वाधिक 1,048, बनियापुर में 955, अमनौर में 926, मढ़ौरा में 897, गरखा में 868, छपरा में 860, एकमा में 628, तरैया में 628, परसा में 748 तथा मांझी में 542 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इसके अतिरिक्त दिनांक 25 अक्टूबर से 11 नवंबर 2026 तक प्राप्त आवेदनों की संख्या 3,767 है, जिनका निष्पादन प्रारूप निर्वाचक सूची के प्रकाशन के बाद किया जाना है.
विशेष शिविर का होगा आयोजन
निर्वाचक सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन संबंधी दावे-आपत्तियों के निष्पादन को लेकर दिनांक 05 एवं 06 दिसंबर 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे. आम मतदाता इन शिविरों में पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.
मतदाता सूची में वर्तमान स्थिति
वर्तमान निर्वाचक सूची के अनुसार सारण जिले में कुल 29,54,887 मतदाता हैं. इनमें 15,59,964 पुरुष, 13,94,910 महिला एवं 13 अन्य मतदाता शामिल हैं. जिले का वर्तमान निर्वाचक लिंगानुपात 894 है, जबकि जनसंख्या के आधार पर लिंगानुपात 954 है. इस अंतर को कम करने के उद्देश्य से मतदान केंद्रवार लक्ष्य निर्धारित कर विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
युवा एवं महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष जोर
बैठक में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का मतदाता सूची में पंजीकरण बढ़ाने के लिए सभी +2 एवं उच्चतर शैक्षणिक संस्थानों में Electoral Literacy Club (ELC) के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने की जानकारी दी गई. सभी ERO/AERO/BEO को युवा मतदाताओं के पंजीकरण में वृद्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. इसके साथ ही बीएलओ के माध्यम से मृत एवं दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं का सत्यापन कर नियमानुसार प्रपत्र-7 के माध्यम से विलोपन की कार्रवाई करने पर बल दिया गया, ताकि निर्वाचक सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाया जा सके.

