CHHAPRA DESK- छठ महापर्व के बाद छपरा जंक्शन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गुरुवार की देर रात रेल डीएसपी मोहम्मद शाहकार खां ने जीआरपी थाने का निरीक्षण किया. उस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही थाने के कार्यों की समीक्षा की. निरीक्षण के क्रम में उन्होंने जीआरपी इंस्पेक्टर बीपी आलोक और थानाध्यक्ष गुंजन कुमार के साथ बैठक कर विधि-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. रेल डीएसपी ने कहा कि पर्व समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में यात्री अपने गंतव्य की ओर लौट रहे हैं. ऐसे में स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है. उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया. इसके बाद उन्होंने स्टेशन परिसर स्थित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। कैमरों की निगरानी व्यवस्था और कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली की जानकारी ली. साथ ही उन्होंने प्लेटफॉर्म, ऊपरगामी पुल, सर्कुलेटिंग एरिया और होल्डिंग एरिया का भी निरीक्षण किया। इस दौरान यात्रियों की आवाजाही और सुरक्षा से जुड़े पहलुओं का जायजा लिया. रेल डीएसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रियों की भीड़ को देखते हुए स्टेशन पर लगातार निगरानी रखें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें। निरीक्षण के दौरान जीआरपी के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे.