CHHAPRA DESK- सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया. मृतका की पहचान महतो मुसेहरी निवासी गौरीशंकर राय की पुत्री प्रतिमा कुमारी के रूप में हुई है. प्रतिमा की शादी इसी वर्ष 24 फरवरी को माधोपुर गांव निवासी पंकज राय के साथ हुई थी. शादी के कुछ ही महीनों बाद उसकी संदिग्ध मौत की खबर से मायके में मातम पसरा हुआ है.
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल की जांच के दौरान महिला के गले पर फंदे के निशान पाए गए हैं. वहीं, घटनास्थल पर पंखा आदि नहीं मिलने की बात भी सामने आई है. इन परिस्थितियों को देखते हुए महिला की मौत को संदिग्ध माना जा रहा है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. मृतका के परिजनों ने बताया कि देर शाम उन्हें प्रतिमा की मौत की सूचना मिली. इसके बाद वे माधोपुर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए थे. मायके वालों ने प्रतिमा की गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि नवविवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई. घटना ने एक बार फिर नवविवाहिता की सुरक्षा और ससुराल में महिलाओं की स्थिति को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

