CHHAPRA DESK- सारण जिला अंतर्गत पानापुर थाना क्षेत्र के धनौती गांव में भाड़े के विवाद में एक महादलित किसान की मारपीट कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. किसान की मौत उपचार के दौरान हुई है. इस मामले में चार नामजद एवं पांच अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. वहीं प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है. मृत किसान स्थानीय थाना क्षेत्र के धनौती गांव निवासी 55 वर्षीय तेरस राम बताया गया है. इस मामले में मृतक के पुत्र मंटू कुमार राम के द्वारा हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. इस संबंध में बताया जा रहा है कि तेरस राम धान का बोझा ढोने के लिए अपने ही गांव के विवेक सिंह से ट्रैक्टर का भाड़े पर लिया था. बोझा ढोने के बाद भाड़े के लेन-देन को लेकर ट्रैक्टर चालक से विवाद हो गया. उनके द्वारा ढाई सौ रुपए प्रति टेलर का भाड़ा दिया जा रहा था. जबकि, विवेक सिंह ₹300 प्रति टेलर लेने की जिद पर अड़ गया. जिसको लेकर बात बढ़ी और विवेक अपने घर के अन्य सदस्यों को बुलाया और पीट कर उसे जख्मी कर दिया. जिसके बाद उपचार के दौरान मौत हो गई. हालांकि परिजन उसे इलाज के लिए पानापुर पीएचसी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए छपरा रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जुझने के बाद आखिरकार किसान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पानापुर थानाध्यक्ष संजीत कुमार दलबल के साथ मृतक के घर पहुंचे एवं घटना की जानकारी ली. वही भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र रौशन, जिला प्रवक्ता, संतोष कुमार सुमन, आनन्द कुमार, वीरेंद्र राम सहित भीम आर्मी के दर्जनों कार्यकर्ता पीड़ित के घर पहुंचे एवं दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की. उन्होंने पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम दिया कि एक सप्ताह के अंदर आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आठवां दिन भीम आर्मी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा. थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि मृतक के फर्दबयान के आधार पर 4 नामजद एवं 5 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही हैं.