CHHAPRA DESK- छपरा-सिवान सीमा के समीप रसूलपुर थाना क्षेत्र में मांझी-बरौली एसएच-96 पर

चनचौरा बाजार स्थित केनरा बैंक के पास आज शराब से लदी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क पार कर रहे एक ट्रक चालक को जोरदार टक्कर मार दी. ट्रक चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर पहुंची रसूलपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं, दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर उसमें लदी शराब बरामद कर ली. रसूलपुर थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार के अनुसार, स्कॉर्पियो से कुल 56 कार्टन शराब बरामद हुई है. इसमें 36 पेटी ऑफिसर चॉइस, चार पेटी आफ्टर डार्क, 10 पेटी किंगफिशर, एक पेटी ब्लेंडर्स प्राइड और पांच पेटी रॉयल स्टैग शामिल हैं. बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो उत्तर प्रदेश नंबर की है. हालांकि, मृत ट्रक चालक की पहचान नहीं हो पाई है.

सीमा क्षेत्र में शराब तस्करी को लेकर बढ़ी चिंता

घटना के बाद छपरा-सिवान सीमा क्षेत्र में शराब तस्करी के बढ़ते नेटवर्क को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा तेज हो गई है. लोगों का कहना है कि रसूलपुर और दारौंदा थाना क्षेत्रों के सीमावर्ती इलाकों में शराब तस्करों की गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं. दो जिलों की सीमा का फायदा उठाकर तस्कर मांझी-बरौली मार्ग सहित विभिन्न रास्तों से शराब की खेप लाते हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, शाम होते ही क्षेत्र में बाइक के माध्यम से भी शराब की होम डिलीवरी की जाती है. तस्करों के भय से आम लोग कई बार विरोध करने से बचते हैं और उन्हें देखकर अपना रास्ता बदल लेते हैं. वहीं, दुर्घटनाग्रस्त उत्तर प्रदेश नंबर की स्कॉर्पियो में लदी शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था, इसको लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. चर्चा है कि शराब की यह खेप मांझी, एकमा और रसूलपुर थाना क्षेत्रों से होकर गुजर रही थी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. फरार चालक की गिरफ्तारी और शराब तस्करी के नेटवर्क का पता लगाना पुलिस के लिए अहम चुनौती है.