CHHAPRA DESK- विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 के अवसर पर आयोजित सोनपुर आइडल सीजन-2 प्रतियोगिता के तहत आयोजित ऑडिशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर आगामी 29 नवंबर 2026 को होने वाले क्वार्टर फाइनल राउंड के लिए प्रतिभागियों का चयन किया गया है. प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग (5 से 17 वर्ष) से कुल 15 तथा सीनियर वर्ग (18 से 40 वर्ष) से कुल 21 प्रतिभागियों का चयन किया गया है. चयनित प्रतिभागी आगामी क्वार्टर फाइनल में अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. यह प्रतियोगिता सोनपुर मेला परिसर में मुख्य मंच से आयोजित किया जाएगा. इस प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय एवं उभरती प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना तथा संगीत एवं कला के क्षेत्र में उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है. सोनपुर आइडल के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी गायन क्षमता प्रदर्शित करने और व्यापक पहचान बनाने का अवसर मिल रहा है. वहीं उक्त अवसर पर खेल एवं खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिनांक 30 नवंबर से 13 दिसंबर तक विभिन्न खेल विधाओं में अंतरप्रमंडलीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा. इन प्रतियोगिताओं में बिहार के सभी 09 प्रमंडलों की टीमें भाग लेंगी. जिला खेल कार्यालय, सारण द्वारा जारी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रतियोगिताओं में कबड्डी, खो-खो, नौका दौड़, घुड़दौड़, टग ऑफ वार, शतरंज, योग, क्रिकेट, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल, पैरा एथलेटिक्स, बॉडीबिल्डिंग एवं कुश्ती-दंगल सहित कुल 14 खेल विधाओं का आयोजन किया जाएगा. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कबड्डी प्रतियोगिता 30 नवंबर से 01 दिसंबर, खो-खो 02 से 03 दिसंबर, नौका दौड़ 03 दिसंबर, घुड़दौड़ 04 दिसंबर, टग ऑफ वार, शतरंज एवं योग प्रतियोगिता 05 दिसंबर, क्रिकेट 06 से 11 दिसंबर, हैंडबॉल 07 से 08 दिसंबर, वॉलीबॉल 09 से 10 दिसंबर, फुटबॉल 09 से 11 दिसंबर तथा पैरा एथलेटिक्स, बॉडीबिल्डिंग एवं कुश्ती-दंगल प्रतियोगिताएं 12 एवं 13 दिसंबर को आयोजित की जाएंगी.
सोनपुर आइडल सीजन-2 : क्वार्टर फाइनल के लिए जूनियर वर्ग से 15 व सीनियर वर्ग से 21 प्रतिभागियों का चयन

