CHHAPRA DESK- छपरा सदर अस्पताल के मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य इकाई (एमसीएचसी) में नवजातों के इलाज की व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. एक तरफ सरकार मातृ-शिशु सुरक्षा को लेकर सतत् प्रयासरत है, तो दूसरी तरफ सदर अस्पताल में एक नवजात शिशु की मौत बिना उपचार के ही हो गई है. मामला बीती देर रात्रि का बताया गया है. एसएनसीयू में बेड की कमी के कारण उसे समय पर उपचार नहीं मिला और उसे प्राइवेट क्लीनिक ले जाने को लेकर परिजन प्रयासरत थे. बताया जाता है कि नवजात को तत्काल विशेष देखभाल की जरूरत थी, लेकिन यूनिट में एक भी बेड खाली नहीं होने के कारण उसे समय पर इलाज नहीं मिल सका.

इस घटना ने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था और नवजातों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की हकीकत उजागर कर दी है.

महज 18 बेड पर निर्भर है एसएनसीयू

जानकारी के अनुसार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य इकाई में 100 बेड का अस्पताल बनाया गया है, लेकिन नवजातों के इलाज के लिए एसएनसीयू में फिलहाल महज 18 बेड ही संचालित हैं. इनमें नौ बेड आउटबॉर्न और नौ बेड इनबॉर्न नवजातों के लिए निर्धारित हैं. अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 20 से 25 प्रसव हो रहे हैं. इसके बावजूद एसएनसीयू में बेड की संख्या नहीं बढ़ाई गई है. स्थिति यह है कि यूनिट के सभी बेड अक्सर भरे रहते हैं.

प्रीमेच्योर नवजात के इलाज में हुई परेशानी

बताया जाता है कि डोरीगंज थाना क्षेत्र के मुसेपुर गांव निवासी साक्षी सिंह का पहला प्रसव था और परिवार वाले प्रसूता को प्रसव के लिए सदर अस्पताल पहुंचे थे. रात में उसका सामान्य प्रसव हुआ, लेकिन नवजात प्रीमेच्योर था और उसे तत्काल विशेष चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता थी. परिजनों के अनुसार, एसएनसीयू में बेड खाली नहीं होने के कारण नवजात को समय पर भर्ती कर इलाज नहीं मिल सका और उसकी मौत हो गई.

व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

अब बड़ा सवाल यह है कि जब मातृ एवं शिशु अस्पताल में प्रतिदिन करीब दो दर्जन की संख्या में प्रसव हो रहे हैं तो नवजातों के लिए पर्याप्त बेड की व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही है? बेड की कमी के कारण गंभीर नवजातों को समय पर इलाज नहीं मिलना स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है.

क्या कहता है अस्पताल प्रशासन 

इस विषय पर पूछे जाने पर अस्पताल उपाधीक्षक डॉक्टर के एम दुबे ने बताया कि नियमित तौर पर अब एसएनसीयू के लिए शिशु रोग विशेषज्ञ की ड्यूटी लगाई जाएगी. रात्रि में चिकित्सकों को ऑन कॉल ड्यूटी को बंद किया जाएगा. वहीं एसएनसीयू में बेड की उपलब्धता को लेकर प्रयास किया जा रहा है.