CHHAPRA DESK- सारण जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हुए हादसों में चार लोगों की मौत हुई है. जिसमें एक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है. वहीं एक मौत को संदिग्ध मानी जा रही है. जिले के खैरा थाना अंतर्गत कर्णपुरा गांव में एक व्यक्ति का शव फंदे से लटकते हुए पाया गया. जिसके बाद मृतक की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के कर्णपुरा गांव निवासी विनोद कुमार सिंह के पुत्र रवि रंजन कुमार उर्फ गोलू सिंह के रूप में की गई. प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर सुसाइड का प्रतीत हो रहा है. लेकिन, पुलिस शव की जांच पड़ताल कर रही है. क्योंकि, उस कमरे की हाइट कम है. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया है. अब सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है.
जबकि, दूसरी घटना में रसूलपुर थाना अंतर्गत सराय गांव में हुई सड़क दुर्घटना में एक किशोर की मौत हो गई है. मृत किशोर की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के सराय गांव निवासी सुदामा महतो के 17 वर्षीय पुत्र सचिन कुमार के रूप में की गई है.
वहीं, तीसरी घटना में एक व्यक्ति की मौत ट्रेन में हुई है. मृतक की पहचान आधार कार्ड के अनुसार उत्तर प्रदेश के बलरामपुर भीकमपुर निवासी हरिद्वार के पुत्र गया राम के रूप में की गई है. उसका शव प्लेटफार्म संख्या चार से बरामद किया गया है.
वहीं, चौथी घटना में पानापुर थाना क्षेत्र में बसहियां चंवर से एक अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद किया गया है. सूचना के बाद मौके पर पहुंची स्थानीय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. वहीं शव की पहचान को लेकर प्रयास किया जा रहा है. मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है. समाचार प्रेषण तक शव की पहचान नहीं हो पाई है.
वहीं, पांचवीं घटना जिले के एकमा थाना क्षेत्र से सामने आई है जहां, स्थानीय एकमा गांव निवासी स्वर्गीय बलिराम पंडित के 59 वर्षीय पुत्र राजकुमार पंडित की मौत हुई है. बताया जा रहा है कि उनके द्वारा फांसी लगाकर खुदकुशी किया गया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया है.
जबकि, छठी घटना जिले के नगरा थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां स्थानीय निवासी रामजी पंडित के 26 वर्षीय पुत्र पिंटू कुमार की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हुई है. प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है. जबकि, परिवार वाले इसे साजिशन हत्या का मामला बतला रहे हैं.

