BHAGALPUR DESK - बिहार के भागलपुर जिला शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार से जुड़े मामले के बीच आज निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई की. पांच सदस्यीय निगरानी टीम ने कचहरी परिसर स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की मध्याह्न भोजन (एमडीएम) शाखा में छापेमारी की. इस दौरान एमडीएम के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) मनोज कुमार के केबिन से 1 लाख 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए कार्रवाई के बाद निगरानी टीम डीपीएम मनोज कुमार को अपने साथ सर्किट हाउस ले गई. जिला शिक्षा पदाधिकारी मुकेश कुमार को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया. यह कार्रवाई निगरानी के डीएसपी रामविलास सिंह के नेतृत्व में की गई.
बीआरपी की शिकायत पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, प्रखंड साधनसेवी (बीआरपी) रजनीश कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से शिकायत की थी. शिकायत के आधार पर पहले आरोपों की जांच की गई. जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी टीम ने धावा दल गठित कर एमडीएम कार्यालय में छापेमारी की. बताया जाता है कि कुछ दिन पहले वित्तीय अनियमितता के मामले में जिलाधिकारी के निर्देश पर बीआरपी रजनीश कुमार के मानदेय से प्रतिमाह कटौती का आदेश जारी किया गया था. उन्हें अगले आदेश तक जिला कार्यालय में प्रतिनियुक्त भी किया गया था.
98.12 लाख के गबन मामले के बीच दूसरी कार्रवाई
जिला शिक्षा विभाग में 98.12 लाख रुपये के कथित गबन का मामला अभी चर्चा में है. इस मामले में तत्कालीन डीपीओ स्थापना और संविदा ऑपरेटर अविनाश कुमार जेल जा चुके हैं, जबकि वरीय लिपिक शिशिर झा फरार बताए जा रहे हैं. तत्कालीन डीपीओ और डीईओ को भी निलंबित किया जा चुका है. ऐसे में एमडीएम शाखा में निगरानी की ताजा कार्रवाई से शिक्षा विभाग में एक बार फिर हलचल मच गई है.
नये डीपीओ को प्रभार मिलने के अगले दिन छापेमारी
शुक्रवार को ही एमडीएम शाखा का प्रभार नये डीपीओ रजनीश झा को सौंपा गया था. इसके अगले ही दिन निगरानी टीम ने छापेमारी की. डीईओ मुकेश कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी जिलाधिकारी को दी जा रही है. उनके स्तर से आगे की कार्रवाई की जाएगी. छापेमारी के बाद डीपीएम को चिकित्सकीय जांच के लिए ले जाया गया. आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद निगरानी टीम उन्हें लेकर पटना रवाना हो गई.
डीपीएम ने लगाया साजिश के तहत फंसाने का आरोप
हिरासत में लिए जाने के दौरान डीपीएम मनोज कुमार ने पत्रकारों से बातचीत में खुद को साजिश के तहत फंसाए जाने का आरोप लगाया. उन्होंने बीआरपी रजनीश कुमार पर साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी नौकरी जाने की आशंका के कारण उन्हें फंसाया गया है. फोन-पे के माध्यम से खाते में रुपये आने के सवाल पर डीपीएम ने दावा किया कि उनकी इच्छा के बिना उनके खाते में पैसे डाले गए थे. हालांकि, मामले में निगरानी ब्यूरो की आगे की जांच और कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी.

