CHHAPRA DESK- सारण जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में तेज रफ्तार के कहर ने चार जिंदगियां निगल ली हैं. दिन में एक महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है.

 पहली घटना छपरा-सिवान सीमा के समीप रसूलपुर थाना क्षेत्र में मांझी-बरौली एसएच-96 पर

चनचौरा बाजार स्थित केनरा बैंक के पास आज शराब से लदी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क पार कर रहे एक ट्रक चालक को जोरदार टक्कर मार दी. जिससे ट्रक चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. वहीं सूचना मिलने पर पहुंची रसूलपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक की पहचान जिले के नयागांव थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी पशुपति चौरसिया के 41 वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार चौरसिया के रूप में की गई है. वहीं, दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो से कुल 56 कार्टन शराब बरामद हुई है.

दूसरी घटना जिले के मशरक के सोनौली गांव स्थित पासी टोला के समीप घटी, जहां बाइक और साइकिल की टक्कर में बाइक सवार और साइकिल सवार घायल हो गए. गंभीर रूप से घायल साइकिल सवार को इलाज के लिए छपरा निजी क्लीनिक में ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान सोनौली गांव निवासी स्व बनारसी साह के 56 वर्षीय पुत्र उमेश साह के रूप में हुई है.

 जबकि तीसरी घटना अमनौर थाना अंतर्गत मुख्य मार्ग पर घटी, जहां मकेर थाना क्षेत्र के बादलपुर गांव निवासी अगनु महतो के 32 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार की मौत घटनास्थल पर ही हो गई. सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर स्थल भेजा.

जबकि, चौथी घटना में सड़क हादसे का शिकार एक महिला की मौत सदर अस्पताल में उपचार के दौरान हो गई. जिसके बाद अस्पताल में मौजूद भगवान बाजार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान का प्रयास किया, लेकिन समाचार प्रेषण तक शव की पहचान नहीं हो पाई है. मृतका की उम्र करीब 70 वर्ष बताई जा रही है. शव का पोस्टमार्टम के बाद पहचान के लिए सुरक्षित रखा गया है.