CHHAPRA DESK- विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 के अंतर्गत आयोजित ‘सोनपुर आइडल सीजन-2’ के ऑडिशन का भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह में शुभारंभ आज जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया. इस प्रतियोगिता का उद्देश्य गायन के क्षेत्र में छिपी प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना तथा स्थानीय एवं उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराना है. सोनपुर आइडल सीजन-2 के अंतर्गत प्रतिभागियों को दो श्रेणियों में विभाजित किया गया है. जूनियर वर्ग (05 से 17 वर्ष) एवं सीनियर वर्ग (18 से 40 वर्ष) के प्रतिभागियों का ऑडिशन आयोजित किया जा रहा है. ऑडिशन की निर्णायक मंडली में काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के संगीत विभागाध्यक्ष पंडित रामशंकर प्रसाद एवं पार्श्व गायक कंचनमय भट्टाचार्य शामिल हैं. इनके द्वारा प्रतिभागियों की गायन प्रतिभा, सुर, लय एवं प्रस्तुति का मूल्यांकन किया जा रहा है. प्रतियोगिता के दोनों वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। प्रत्येक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को ₹1,00,000, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को ₹75,000 तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को ₹50,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी. प्रतियोगिता के आगामी चरणों का कार्यक्रम निम्नवत निर्धारित है.
- क्वार्टर फाइनल: 29 नवंबर 2026
- सेमीफाइनल: 15 दिसंबर 2026
- ग्रैंड फिनाले: 20 दिसंबर 2026

