CHHAPRA DESK- सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र में तीन दिनों से लापता 35 वर्षीय युवक का शव आज बोटहा नदी से बरामद किया गया. शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान लालपुर गांव निवासी सुरेश राय के पुत्र संतोष राय के रूप में हुई है. वह स्थानीय भजन-कीर्तन मंडली में गायक था. संतोष रविवार शाम से लापता था और परिजन उनकी लगातार तलाश कर रहे थे. उन्होंने मांझी थाने में आवेदन देकर अनहोनी और हत्या की आशंका जताई थी. जिसके आज बुधवार को उनका शव नदी से बरामद हो गया. परिजनों के अनुसार, संतोष राय रविवार को अखिलेश राय समेत तीन अन्य दोस्तों के साथ कलान बाजार में मछली खरीदने गया था. जिसके बाद वह घर नहीं लौटा. काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. रिश्तेदारों और परिचितों से भी पूछताछ की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. संतोष का पता नहीं चलने पर मंगलवार को परिजनों ने पुलिस को आवेदन देकर किसी अनहोनी की आशंका जताई थी. आज दोपहर बोटहा नदी में युवक का शव दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया और उसकी पहचान कराई. इसके बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया गया है. परिवार वालों ने हत्या का अंदेशा जताया है. वहीं मांझी थानाध्यक्ष बिनोद कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. युवक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा. फिलहाल पुलिस तकनीकी और मानवीय दोनों स्तरों पर जांच कर रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.


