CHHAPRA DESK - सारण जिला में झमाझम बारिश के दौरान कोपा थाना क्षेत्र अंतर्गत खेत में आकाशीय बिजली गिरने से धान की रोपनी कर रहे एक किशोर समेत दो व्यक्ति की मौत हुई है. एक घटना थाना क्षेत्र के सम्होता में तो दूसरी घटना बरदाहा गांव में हुई है. हालांकि इस घटना के बाद खेत में रोपनी कर रहे अन्य मजदूर दोनों को उठाकर आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचे जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक के द्वारा दोनों को मृतघोषित कर दिया गया. मृत किशोर स्थानीय थाना क्षेत्र के सम्होता गांव निवासी चंद्रदीप महतो का 16 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार बताया गया है. वहीं दूसरा मृतक उत्तर टोला गांव निवासी विक्रमा मांझी का 30 वर्षीय पुत्र ओमप्रकाश मांझी बताया गया है. चिकित्सक द्वारा दोनों को मृत घोषित किए जाने के बाद परिवार वालों में रोना-पीटना लग गया. इस संबंध में परिजनों ने बताया कि बारिश होने के बाद खेतों में धान की रोपाई का कार्य चल रहा था. उसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ बारिश के बीच ठनका गिर गया. जिसकी चपेट में आने से ओमप्रकाश मांझी और रोहित कुमार गंभीर रूप से झुलस गए. आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को तत्काल खेत से बाहर निकालकर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ अर्जुन कुमार ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. चिकित्सक के द्वारा दोनों को मृत घोषित करते ही परिजनों में रोना-धोना लग गया. वहीं सदर अस्पताल में मौजूद भगवान बाजार थाना पुलिस ने मामले की जानकारी ली, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों शवों को बिना पोस्टमार्टम कराए अपने साथ घर ले गए. इस हादसे के बाद दोनों गांवों में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर हाल-बेहाल है.
अंततः दोनों ही शवों का कराया गया पोस्टमार्टम
ठनका गिरने से मृत रोहित कुमार एवं ओमप्रकाश मांझी दोनों का शव परिजन लेकर गांव निकल गए, जहां स्थानीय थाना और जनप्रतिनिधियों के द्वारा आपदा राहत कोष से चार लाख रुपए मिलने की बात बताए जाने पर दोनों के परिवार वाले मान गये और स्थानीय थाना पुलिस के द्वारा शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां रात तक शवों का पोस्टमार्टम कराए जाने को लेकर प्रक्रिया जारी है.


