CHHAPRA DESK- सारण जिले के सहाजितपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनोपली गांव के समीप मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक से गिरकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी मौत इलाज के दौरान हो गई. मृतक की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के नजीबा गांव निवासी कमलदेव राय के 26 वर्षीय पुत्र मुन्ना कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार मुन्ना कुमार बाइक से सहाजितपुर-मशरख रोड से होकर कहीं जा रहा था. उसी दौरान मनोपली गांव के नजदीक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर हाल-बेहाल है. वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद सहाजितपुर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के संबंध में जानकारी ली. जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जहां, शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया.