CHHAPRA / ARRAH DESK - छपरा शहर के राजेंद्र कॉलेजिएट स्कूल में ASI भर्ती परीक्षा केंद्र पर परीक्षा खत्म होने के 5 मिनट पहले ब्लूटूथ डिवाइस के साथ एक परीक्षार्थी क़ो पकड़ा गया। जांच के दौरान पुलिस ने परीक्षार्थी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. गिरफ्तार अभ्यर्थी की पहचान आरा जिले के सकड्डी थाना क्षेत्र निवासी धनेश्वर राय के पुत्र रूपेश कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने इस मामले में एक अन्य युवक उत्सव कुमार को भी हिरासत में लिया है. वह अपने को शहर के मौना चौक का निवासी बता रहा है. प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह जैमर के मेंटेनेंस और देखरेख का कार्य करता है. हालांकि पुलिस उसके दावे की सत्यता की जांच कर रही है और दोनों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि ब्लूटूथ डिवाइस परीक्षा केंद्र तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता तो नहीं है. इधर, परीक्षार्थी के पकड़े जाने की सूचना फैलते ही परीक्षा केंद्र के बाहर अफरातफरी का माहौल बन गया. बड़ी संख्या में अभ्यर्थी और उनके परिजन कॉलेजिएट स्कूल के बाहर जमा हो गए और जमकर हंगामा करने लगे. कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई. सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाकर शांत कराया. इसके बाद स्थिति सामान्य हुई. भगवान बाजार थाना अध्यक्ष रंधीर कुमार ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. जब्त ब्लूटूथ डिवाइस की तकनीकी जांच कराई जाएगी. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. समाचार प्रेषक तक मामले में प्राथमिकी प्रक्रिया जारी थी.
HULCHAL NEWS 24
Satya Ke Sath


