MOTIHARI DESK - बिहार के मोतिहारी जिला अंतर्गत पताही थाना क्षेत्र के जिहुली गांव में मामूली विवाद को लेकर महिला समेत दो की हत्या चाकू गोद कर दी गई है. वहीं एक युवक गंभीर रूप से जख्मी है. मृतकों में स्थानीय निवासी 40 वर्षीय मदीना खातून एवं 36 वर्षीय जमी अख्तर शामिल हैं. वहीं, जख्मी मसीह अख्तर का इलाज पताही सीएचसी में चल रहा है. उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है. डबल मर्डर की वारदात को अंजाम 10 साल के बच्चे के सामने दिया गया है. बताया जाता है कि भैंस नहलाने के दौरान पानी गिरने के विवाद को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया है. बीच-बचाव करने गई पत्नी और भाई की हत्या 10 साल के रहमतुल्लाह ने बताया कि बुधवार को वह स्कूल में था तभी गांव के एक लड़के ने कहा कि पुलिस तुम्हारे पापा को पकड़ रही है. मैं भागकर घर आया तो पुलिस ने सबको समझाकर छोड़ दिया. शाम को पापा घर पर ही थे, तभी संजय सिंह और उसका बेटा आकाश कुछ लोगों को साथ लेकर आए. उनका पापा से विवाद हुआ और अचानक पिता पर चाकू से हमला कर दिया. पापा को बचाने चाचा और अम्मी गईं तो उन पर भी चाकू से वार कर दिया गया. तीनों वहीं गिर गए. वहां बहुत लोग थे लेकिन किसी ने बचाने की कोशिश नहीं की. वहीं घटना के संबंध में मृतक की भाभी नगमा खातून ने बताया कि सुबह उनके भसुर मसीह अख्तर सड़क पर भैंस नहला रहे थे, जिसका पानी अनिल सिंह के घर की तरफ जा रहा था. इसी बात पर अनिल सिंह ने आकर गाली-गलौज की और हाथापाई करने लगे, जिसे लोगों ने शांत कराया. पुलिस भी मौके पर पहुंची और समझाया कि वहां पाइप लगा लें ताकि विवाद खत्म हो जाए. इसके बाद सभी अपने-अपने घर चले गए. नगमा ने बताया कि शाम को जब वे घास लेकर घर आईं तो अनिल सिंह कई लोगों के साथ खड़ा था. पूछने पर अनिल सिंह ने कहा कि मसीह अख्तर ने उसका गला पकड़कर पटक दिया था. नगमा ने अनिल सिंह से कहा कि पहले तो वह खुद ही आए थे. इतना कहकर वह घर की तरफ चली गईं. तभी शोर हुआ कि अनिल सिंह ने चाकू मार दिया है. आकर देखा तो उनके देवर, भसुर और देवरानी खून से लथपथ पड़े थे. परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां जमी अख्तर और मदीना खातून को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पकड़ीदयाल के प्रभारी डीएसपी अभिषेक कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
भैंस नहलाने को ले उत्पन्न विवाद में चाकू गोदकर महिला समेत दो की हत्या


