CHHAPRA DESK - सारण जिला के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के मुबारकपुर पुरानी बाजार में उधार के बकाया पैसे मांगना एक दुकानदार को महंगा पड़ गया. दबंगों ने दुकान में घुसकर दुकानदार और उसके परिवार के साथ मारपीट की और उन्हें जबरन पैरों पर गिराकर अपमानित किया. इतना हि नहीं पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. इस मामले में पीड़ित के आवेदन पर मढ़ौरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है.
पीड़ित मुद्रा कुमार उर्फ मुन्ना प्रताप सिंह कुशवाहा ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 12 जुलाई को गांव के जयप्रकाश कुमार उनकी दुकान पर सामान लेने आए थे. सामान के पैसे मांगने पर उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और उनके छोटे भाई के साथ मारपीट कर थप्पड़ मार दिया. आवेदन के अनुसार, 14 जुलाई की दोपहर जयप्रकाश कुमार करीब दो दर्जन लोगों के साथ दुकान पर पहुंचा और दुकान में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट की. बीच-बचाव करने पहुंची पीड़ित की मां के साथ भी बदसलूकी की गई. जिसके बाद दुकानदार और उसके भाई को जबरन पैरों पर गिरने के लिए मजबूर किया गया तथा घटना का वीडियो मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया गया. पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद पंचायत के माध्यम से विवाद सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपियों ने पंचायत की बात मानने से इनकार कर दिया. साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी. जिसके बाद 25 जुलाई को पीड़ित परिवार ने मढ़ौरा थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई. मढ़ौरा थानाध्यक्ष राज किशोर प्रसाद ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर कांड संख्या 639/26 दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच का जिम्मा एसआई श्याम बाबू राम को सौंपा गया है. पुलिस आरोपों की जांच कर आगे की विधि सम्मत कार्रवाई कर रही है.


