BHAGALPUR DESK - भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस लाइन से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आई है, जहां पुलिस लाइन स्थित सरकारी क्वार्टर में दारोगा योगेश कुमार ने गमछे से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली. आज सुबह करीब छह बजे जब एक सहकर्मी पुलिस पदाधिकारी उनके कमरे पर पहुंचे, तो उन्हें पंखे से लटका देख सन्न रह गए. सहकर्मी ने फौरन इसकी सूचना पुलिस लाइन और वरीय पुलिस अधिकारियों को दी. इस घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. जानकारी के अनुसार, दारोगा योगेश कुमार मूल रूप से बांका जिले के बौंसी प्रखंड अंतर्गत बाराहाट के रहने वाले थे. वे पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय स्थित अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) में कार्यरत थे और पुलिस लाइन स्थित अपने क्वार्टर में अकेले ही रहते थे. हाल ही में विभागीय पदोन्नति के तहत उनका जमादार से सब-इंस्पेक्टर पद पर प्रमोशन हुआ था. इस उपलब्धि पर नवगछिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) वैभव शर्मा ने खुद एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें कंधे पर बैच पहनाया था. पदोन्नति की खुशी के कुछ ही दिनों बाद उनके द्वारा ऐसा आत्मघाती कदम उठाए जाने से पूरे पुलिस महकमे के अधिकारी और जवान स्तब्ध हैं और शोक की लहर दौड़ गई है.

 घटनास्थल को किए गया सील

 घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया के एसपी वैभव शर्मा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सईम रजा और मुख्यालय डीएसपी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. वरीय अधिकारियों ने कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया. साक्ष्यों से किसी भी तरह की छेड़छाड़ न हो, इसके मद्देनजर क्वार्टर को बाहरी लोगों के प्रवेश के लिए पूरी तरह सील कर दिया गया है.

FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को तत्काल मौके पर बुलाया गया. एफएसएल टीम ने कमरे से आवश्यक फिंगरप्रिंट्स और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर किन परिस्थितियों और मानसिक तनाव के कारण युगेश कुमार ने यह खौफनाक कदम उठाया.