HAJIPUR DESK - हाजीपुर जिला के महुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत कहानी गांव में आज दोपहर अपराधियों ने हथियार के बल पर फर्नीचर दुकान में लूट की कोशिश की. ग्राहक बनकर पहुंचे तीन अपराधियों ने दुकानदार पर पिस्तौल तानकर गोली चलाने का प्रयास किया. तभी दुकानदार ने साहस दिखाते हुए एक अपराधी को पकड़ लिया. उस दौरान उसके दो साथी बाइक से फरार हो गए. जबकि दुकानदार ने एक अपराधी को पकड़ लिया. बताया जाता है कि कहानी गांव निवासी महेश सिंह की फर्नीचर की दुकान में आज तीन युवक बाइक से पहुंचे. तीनों ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए और कुछ देर तक फर्नीचर देखते रहे. जिसके बाद उन्होंने दुकानदार को दुकान के अंदर ले जाने की कोशिश की. उसी दौरान बदमाशों ने कमर से पिस्तौल निकाल ली और महेश सिंह पर गोली चलाने का प्रयास किया. अचानक हुए हमले से दुकानदार घबरा गए, लेकिन उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए एक अपराधी को पकड़ लिया और शोर मचाना शुरू कर दिया. दुकानदार की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे. लोगों की भीड़ जुटती देख दो अपराधी बाइक लेकर मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही महुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानदार के द्वारा पकड़े गए आरोपी को हिरासत में ले लिया, जिससे पूछताछ कर उसके फरार साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है. वहीं दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. पुलिस घटना में इस्तेमाल बाइक, हथियार और अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है. घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में भय का माहौल है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.
फर्नीचर दुकान में ग्राहक बनकर पहुंचे अपराधी ; दुकानदार पर तानी पिस्तौल, एक गिरफ्तार


