GAYAJI DESK - गयाजी जिला के वजीरगंज थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से मनोज कुमार उर्फ मनोज मिस्त्री को गिरफ्तार किया. सिटी एसपी अभिनव ने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो देशी कट्टा, दो देसी एकनाली बंदूक, एक अधनिर्मित पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, सात खोखा, हथियारों के विभिन्न पुर्जे तथा हथियार निर्माण में प्रयुक्त ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, वेल्डिंग मशीन, आरी, रॉड समेत अन्य उपकरण बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसका संबंध किसी आपराधिक गिरोह से है या नहीं. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है.